Madhya Pradesh

MP में गाय की अनोखी शवयात्रा, मौत पर रो पड़े गांववाले, जानिए पूरा मामला

मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की घटिया विधानसभा तहसील के बकानिया गांव में 11 मई को एक गाय की अनोखी शवयात्रा निकाली गई है। यहां गांववालों ने गौ सेवा की अनोखी मिसाल पेश की। उन्हें जैसे ही पता चला कि उनकी लाडली गाय ने अंतिम सांस ले ली है, वैसे ही वे सब एक जगह इकठ्टा हो गए। सभी ने फैसला किया कि गाय की शव यात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। इसके बाद लोगों ने शव यात्रा की पूरी तैयारी की और बैंड-बाजे वालों को भी बुला लिया। एक घंटे के अंदर अंतिम यात्रा की तैयारियां हो गई।

गाय की अनोखी शव यात्रा के लिए ट्रैक्टर का इंतजाम किया गया। उसे फूलों से सजाया गया, उसके बाद गाय के शव को इसमें रखकर गांव की गली-गली घुमाया गया। करीब पूरे गांव को गाय के अंतिम दर्शन कराए गए। शव यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। इस मौके पर कई लोग भावुक भी हो गए। उनका कहना था कि यह गाय उनकी लाडली थी। वह सालों से गांव में रह रही थी। सभी लोग उसका ख्याल रखते थे।

यह गाय शाम होते ही कई लोगों के घर अपने आप पहुंच जाया करती थी। लोग बड़े प्यार से उसे खाना खिलाते थे। हर मौसम में लोग उसके बचाव के भी इंतजाम करते थे। लोगों ने कहा कि गाय हमारे धर्म शास्त्रों में विशेष उल्लेख है। हमें गाय का उसी तरह ख्याल रखना चाहिए, जैसे हम अपने अपने परिवार के सदस्यों का रखते हैं। गांववालों ने गाय की समाधि के लिए एक मैदान में गढ्ढा खोदा और क्रेन की सहायता से शव को उसमें उतारा। इस दौरान लोगों ने इस बात का पूरा ख्याल रखा कि शव को किसी तरह का नुकसान न हो।

Related Articles

Back to top button