Congress कार्यकर्ता लिए गए हिरासत में, ‘लोकतंत्र बचाने के लिए जेल जाएंगे’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई। इस फैसले से पहले कांग्रेस समेत 14 विपक्षी दलों ने पहले संसद और फिर दिल्ली की सड़क पर प्रोटेस्ट किया। विपक्षी दलों ने विजय चौक तक मार्च निकाला। दिल्ली के कांग्रेस दफ्तर पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से भी झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिलरासत में भी ले लिया है। हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का वीडियो भी कांग्रेस के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से शेयर किया गया है।
इधर, राहुल गांधी के समर्थन में पार्टी ने सोशल मीडिया पर ‘डरो मत’ कैंपेन शुरू कर दिया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल पर भी इसे लगाया गया है। पार्टी के कार्यकर्ता इसे शेयर कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के प्रदर्शनों में भी इस नारे को बैनर-पोस्टर पर प्रमुखता से उपयोग किया जा रहा है।
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द
बता दें कि मोदी सरनेम केस में सजा के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म कर दी गई है। कल ही राहुल को सूरत के सेशंस कोर्ट ने मानहानि का दोषी ठहराते हुए दो साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद आज राहुल गांधी की संसद से सदस्यता रद्द कर दी गई है। इसको लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के नेता इसको लेकर बीजेपी पर हमलावर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि बीजेपी ने राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने के सभी उपाय किए। सच बोलने वालों को ये संसद में रहने नहीं देना चाहते। लेकिन हम सच बोलते रहेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो लोकतंत्र बचाने के लिए जेल जाएंगे।
कांग्रेस अब इस मुद्दे को जनता तक ले जाने की तैयारी कर रही है। इसके खिलाफ जगह-जगह पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi: राहुल गांधी ने 2019 में क्या बयान दिया था? प्रियंका गांधी वाड्रा का ट्वीट हुआ वायरल, यहां पढ़ें पूरी खबर