Shraddha Walkar मर्डर जैसा मामला, Najafgarh में ढाबे के फ्रीज में मिला महिला का शव

Image is used for representative purpose only.
दिल्ली (Delhi) में श्रद्धा वाकर की जघन्य हत्या (Shraddha Walkar murder case) ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। अब ऐसा एक और मामला राष्ट्रीय राजधानी के नजफगढ़ इलाके (Najafgarh) से सामने आया है। दरअसल, एक ढाबे के फ्रीजर के अंदर एक महिला की लाश बरामद की गई है। इस खबर के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर नगर में एक ढाबे के फ्रीजर के अंदर 25 वर्षीय एक महिला का शव मिला है। पुलिस इस मामले में प्रेम प्रसंग का संदेह जता रही है। आपको बता दें कि मृतक महिला खुद उत्तर नगर की रहने वाली है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक महिला की दो-तीन दिन पहले हत्या कर दी गई थी और उसके शव को ढाबे के फ्रीजर के अंदर रखा गया था। चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद ढाबे के मालिक साहिल गहलोत (Sahil Gahlot) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है।
ANI के हवाले से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ढाबा मालिक साहिल गहलोत को संदेह के आधार पर पकड़ा गया है।” दिल्ली पुलिस ने आगे कहा है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गहलोत और महिला के बीच प्रेम संबंध थे।
हत्या के पीछे क्या है कारण?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित महिला और गहलोत के बीच संबंध थे, लेकिन आरोपी ने दूसरी महिला से शादी करने का फैसला कर लिया था। इस खबर से परेशान होकर लड़की उससे भिड़ गई और जोर देकर कहा कि वो उससे शादी कर ले।
पीड़ित लड़की की हरकत से गुस्साए उसने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद महिला के शव को ढाबे के फ्रीजर में रख दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और ये अनुमान लगाया गया है कि लगभग दो से तीन हफ्तों पहले उसकी हत्या कर दी गई थी।
श्रद्धा वॉकर हत्याकांड जैसा हाल
इस मामले और श्रद्धा वॉकर हत्याकांड में कई समानताएं हैं। आपको बता दें कि दोनों पीड़ितों के शवों को मारने के बाद एक रेफ्रिजरेटर के अंदर रखा गया था। वॉकर की मई 2022 में हत्या कर दी गई थी और छह महीने बाद उसकी हत्या का पता चला था।
श्रद्धा वाकर हत्याकांड का मुख्य आरोपी आफताब पूनावाला था, जो उसका लिव-इन पार्टनर था। आफताब इस समय जेल में है और उसने अपराध कबूल कर लिया है। आरोपी आफताब ने ये कहा है कि उसने अपने साथी की हत्या गुस्से में की थी।
(एजेंसियों से इनपुट्स के साथ)