जमीनी विवाद में भाई ने भाई पर किया फायर, मौत

घटना की जानकारी देते परिजन।
बिहार(BIHAR) में जमीनी विवाद में भाई ने भाई पर फायर कर दिया। घटना में एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामले का पता लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं जिस युवक पर गोली चलाने का आरोप है वह भी घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
परसा गांव की घटना, ईंट हटाने को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी
यह वारदात सदर थाना क्षेत्र के परसा गांव में हुई। यहां जमीन विवाद को लेकर दिन दहाड़े घर में घुसकर एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। बताया गया कि घटनास्थल पर ही एक युवक मुकेश कुमार की मौत हो गई है। मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है कि मुकेश कुमार को उसके चचेरे भाई संजय कुमार ने गोली मारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक मुकेश के शव को सदर अस्पताल लाया गया। मृतक के परिजनों ने बताया की पूर्व से ही नौ धुर जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चला आ रहा है। जिसका आज तक हल नहीं हो सका है। इसी के चलते आज ईंट हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और दूसरे पक्ष के संजय द्वारा गोली चला दी गई। गोली पीड़ित पक्ष के मुकेश कुमार को लगी। इसमें मुकेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है।
आखिर कैसे घायल हुआ गोली चलाने वाला
जानकारी यह भी मिल रही है कि मृतक के परिजन जिस युवक संजय कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं। वह भी घायल है। गोली चलाने वाला संजय कैसे घायल हुआ है। यह भी जांच का विषय है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव है। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
रिपोर्टः कुणाल कुमार, संवाददाता, सुपौल, बिहार
ये भी पढ़ें:जहरीली शराबकांडः आरोपी पुलिस के चंगुल में