Other States

IIT बॉम्बे में छात्रों की 18 मांगों पर सहमति, प्रोफेसर निलंबित, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

IIT Bombay : IIT बॉम्बे के हॉस्टल में 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद जारी छात्र विरोध प्रदर्शन के बीच संस्थान प्रशासन ने छात्रों से बातचीत की है. रविवार देर रात कैंपस में हुई बैठक में IIT बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ लंबी चर्चा की.

बैठक में छात्रों की ओर से रखी गई 18 सूत्रीय मांगों को लेकर बातचीत हुई. जानकारी के मुताबिक, संस्थान प्रशासन ने छात्रों के मांग पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.

प्रोफेसर डुल्ला निलंबित

छात्रों की प्रमुख मांगों में फैकल्टी टीचर सूर्यनारायण डुल्ला के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल थी. इसके बाद 20 सितंबर की शाम प्रोफेसर डुल्ला को संस्थान की ओर से निलंबित कर दिया गया.

वहीं, छात्रों की अन्य मांगों के क्रियान्वयन और आगे की कार्रवाई को लेकर आगामी ओपन हाउस में आधिकारिक घोषणा किए जाने की उम्मीद है.

छात्रों ने रखीं 18 मांगें

छात्रों ने साहिल वाकोडे की मौत मामले में स्वतंत्र जांच की मांग की है. इसके अलावा साहिल से जुड़ी LinkedIn पोस्ट में दी गई जानकारी को लेकर संस्थान से सार्वजनिक माफी की मांग भी की गई है.

छात्रों ने जांच की अंतरिम रिपोर्ट 30 सितंबर और अंतिम रिपोर्ट 15 अक्टूबर तक जारी करने की मांग रखी है. इसके अलावा प्रोफेसरों के लिए आचार संहिता बनाने, कैंपस अस्पताल में 24 घंटे मनोचिकित्सक की उपलब्धता, काउंसलिंग सेवाओं में सुधार और संस्थान के अहम फैसलों में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने जैसी मांगें शामिल हैं.

साहिल की मौत के बाद शुरू हुआ था विरोध

IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस विभाग के छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर को अपने हॉस्टल कमरे में मृत पाए गए थे. संस्थान के अनुसार, उसी दिन परीक्षा के दौरान साहिल को मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया था.

इसके बाद साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने आरोप लगाया कि फैकल्टी टीचर सूर्यनारायण डुल्ला पिछले करीब तीन महीनों से उनके बेटे को कथित तौर पर परेशान कर रहे थे, उन्होंने जातिसूचक टिप्पणी और धमकी देने के आरोप भी लगाए.

पुलिस जांच जारी

साहिल के पिता की शिकायत के बाद मुंबई की पवई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डुल्ला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है.

प्रोफेसर डुल्ला IIT बॉम्बे के डिपार्टमेंट ऑफ एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग से जुड़े हैं. फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और संस्थान की ओर से भी कार्रवाई की जा चुकी है.

ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 240वें दिन पंजाब पुलिस ने 526 स्थानों पर की छापेमारी, 265 व्यक्ति गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button