यूपी में AAP और सपा का होगा गठबंधन? संजय सिंह ने की अखिलेश यादव से मुलाकात
लखनऊ: आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव से मुलाकात की है। यह मुलाकात करीब 1 घंटे तक चली। मुलाकात कर बाहर निकले संजय सिंह ने बताया कि अखिलेश यादव से उनकी सकारात्मक मुलाकात हुई है। भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेंकने के लिए उनकी मुलाकात अखिलेश यादव से हुई है।
संजय सिंह ने बताया- अखिलेश यादव से उनकी सकारात्मक हुई मुलाकात
कहीं ना कहीं संजय सिंह की मुलाकात से 2022 विधानसभा से पहले आम आदमी पार्टी व सपा के गठबंधन के कयास लगाए जा रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि कई विषयों को लेकर अखिलेश यादव से सकारात्मक चर्चा हुई है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता के लिए ऐलान किया था कि अगर आप की सरकार बनती है तो 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी।
आप की सरकार बनने पर किसानों व आम जनता का पुराना बकाया बिजली का बिल माफ: संजय सिंह
वहीं संजय सिंह बोले आप की सरकार बनने पर किसानों व आम जनता का पुराना बकाया बिजली का बिल माफ कर दिया जाएगा। अगर इन सभी मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी से बातचीत बनती है तो आने वाले समय में आम आदमी पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ सकती है। समाजवादी पार्टी भी चुनाव से पहले बिजली फ्री का एलान अगर करती है तो देखना होगा कि जनता किस ओर जाती है।
गठबंधन को लेकर बातचीत तय होगी तो जानकारी दी जाएगी: संजय सिंह
उत्तर प्रदेश चुनाव में SP-AAP गठबंधन पर संजय सिंह ने आगे कहा अखिलेश यादव के साथ मुलाक़ात हुई। उत्तर प्रदेश को भाजपा से मुक्त कराने के लिए एक सामान्य मुद्दों पर रणनीतिक चर्चा हुई। गठबंधन को लेकर बातचीत तय होगी तो जानकारी दी जाएगी। सीटों को लेकर अभी कोई बात नहीं हुई है।
रिपोर्ट- मजहर हुसैन