Love Affair Murder : बिहार के कटिहार सहायक थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शरीफगंज क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हैरानी की बात ये है कि महिला की हत्या किसने और किस वजह से की इसका पता चलना अभी बाकी है. मृतक महिला की पहचान काजल के रूप में हुई है. इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, हालांकि इसके पीछे की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. ऐसा कहा जा रहा है कि इस कत्ल के तार आज से नहीं, बल्कि 5 साल पुराने एक खूनी इतिहास से जुड़ा हैं.
कई तस्वीरें भी वायरल की गई थीं
स्थानीय निवासी सीताराम यादव ने इस घटना को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है, उन्होंने बताया कि मृतक काजल के पति, सुरेश यादव, की हत्या भी 5 साल पहले उसी ससुराल में हुई थी. पहले पति, और अब पत्नी की हत्या ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक महिला के ससुराल वाले बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से रात के अंधेरे में एक युवक काजल से मिलने आया करता था. यह सिर्फ मिलने तक सीमित नहीं था. फेसबुक पर काजल की कई तस्वीरें भी वायरल की गई थीं. काजल को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि अंत तक मामला इतना भयानक रूप ले लेगा.
प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण
वहीं, कटिहार के SP शिखर चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मीडिया को बताया कि पुलिस के अनुसार, यह हत्या पूरी तरह से प्रेम प्रसंग का नतीजा है. आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन मौके से एक गोली का खोखा बरामद हुआ है. SP ने बताया कि फेसबुक पर फोटो वायरल होने और पहले से मिली धमकियों के एंगल पर भी जांच तेजी से चल रही है. वहीं, पति की मौत के पांच साल बाद पत्नी के कत्ल की इस घटना में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- Bastar Naxal Surrender : बस्तर में 51 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1.61 करोड़ का था इनाम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









