राष्ट्रीय

24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज से कांडला-पारादीप पोर्ट तक… PM मोदी-बालेन शाह की बैठक में हुए ये बड़े ऐलान

PM Modi : भारत और नेपाल के रिश्तों में सोमवार को कई बड़े फैसलों के साथ नई शुरुआत हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात में आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी को लेकर अहम सहमति बनी. दो दिवसीय भारत दौरे पर आए बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया. इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की. इस दौरान कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ और नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई.

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने नेपाल के विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉरपोरेशन पैकेज की घोषणा की. भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है. इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच विकास सहयोग को मजबूत करना है.

कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच

नेपाल के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारत उसे गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा. इससे नेपाल के ट्रांजिट ट्रेड को आसान बनाने और अंतरराष्ट्रीय कारोबार के नए रास्ते खोलने में मदद मिलेगी.

भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती देने के लिए अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर लंबी साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की गई है. पीएम मोदी और बालेन शाह ने संयुक्त रूप से इसे हरी झंडी दिखाई.

सड़क और ऊर्जा परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

पीएम मोदी ने नेपाल के दोधारा-चांदनी में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के विकास कार्य में तेजी लाने की घोषणा की. इससे उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार आसान होगा. इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से नेपाल को जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी.

दोनों नेताओं ने ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नई योजनाओं की आधारशिला रखी. इन फैसलों से भारत-नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button