राष्ट्रीय

राहुल गांधी के बयान पर अपनों ने ही उठाए सवाल, तुषार गांधी से पिनाराई विजयन तक ने घेरा, इजरायल पर छिड़ी नई बहस

Political Controversy : इजरायल के साथ भारत के मजबूत रिश्तों की वकालत करना नेता विपक्ष राहुल गांधी के लिए राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है. उनके बयान पर अब महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने खुलकर असहमति जताई है. वहीं, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI(M) नेता पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है. दूसरी तरफ कांग्रेस ने राहुल गांधी के बयान का बचाव करते हुए कहा है कि उनकी बातों का गलत मतलब निकाला जा रहा है.

तुषार गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट करते हुए कहा कि वह राहुल गांधी के उस रुख से सहमत नहीं हैं, जिसमें उन्होंने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया है. उनके मुताबिक, रणनीतिक हित नरसंहार से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हो सकते. भारत को गाजा और फिलिस्तीन के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए.

उन्होंने इजरायल के गठन को अनैतिक और अवैध बताते हुए जायोनिज्म की नीतियों की आलोचना की. तुषार गांधी का आरोप है कि फिलिस्तीनियों के घर और जमीनें छीनी गईं तथा उनके साथ लगातार अत्याचार हुए हैं.

पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी को घेरा

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि जब गाजा में हजारों निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं, तब इजरायल के साथ मजबूत संबंध बनाने और उससे हथियार खरीदने की वकालत करना विरोधाभासी है, उन्होंने राहुल गांधी पर फिलिस्तीन के मुद्दे पर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया.

कांग्रेस ने किया राहुल गांधी का बचाव

वहीं, विवाद बढ़ने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने तुषार गांधी को जवाब दिया, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए. राहुल ने फिलिस्तीन के खिलाफ कुछ नहीं कहा, बल्कि गाजा पर इजरायल के हमलों का विरोध भी किया है.

क्या बोले थे राहुल गांधी?

दरअसल, शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी ने कहा था कि भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय हितों के आधार पर तय होनी चाहिए, उन्होंने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों और सेना के लिए बेहतर हथियार खरीदने का समर्थन किया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि इसका मतलब गाजा के मुद्दे पर चुप रहना नहीं है, उन्होंने 7 अक्टूबर के हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करने के साथ गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की थी.

उधर, CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी भारत-इजरायल संबंध खत्म करने की मांग उठाई है. इस तरह राहुल गांधी के बयान को लेकर राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच बहस तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button