Karnataka News : कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर दक्षिण भारत की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. इस मुद्दे पर अब कांग्रेस के भीतर ही विरोधाभास दिखाई देने लगा है. कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बांध निर्माण के लिए केंद्र से मंजूरी मांग रही है, जबकि तमिलनाडु कांग्रेस ने इस परियोजना को लेकर कड़ा विरोध जताया है. तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बयानों की आलोचना करते हुए उन पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाया है.
दरअसल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में डी.के. शिवकुमार ने केंद्र सरकार से मेकेदातु परियोजना के लिए जरूरी कानूनी मंजूरियों में तेजी लाने की अपील की थी, उन्होंने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट ने इस परियोजना को लेकर अपना फैसला स्पष्ट कर दिया है और कोई भी मेकेदातु में बांध निर्माण को नहीं रोक सकता, उन्होंने केंद्र से कानूनी मदद मांगी थी.
शिवकुमार के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मणिक्कम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाराजगी जताई, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान सुप्रीम कोर्ट के फैसले और कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अंतिम फैसले की अनदेखी करते हैं.
तमिलनाडु के किसानों के हितों का उठाया मुद्दा
टैगोर ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री लगातार ऐसा रुख अपना रहे हैं, जो तमिलनाडु के किसानों के हितों के खिलाफ है, उन्होंने इसे संघीय व्यवस्था के सिद्धांतों के विपरीत बताते हुए कहा कि ऐसा रवैया किसानों की आजीविका को प्रभावित कर सकता है, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है.
कावेरी के पानी को लेकर दोनों राज्यों में विवाद
मणिक्कम टैगोर ने तर्क दिया कि कर्नाटक कावेरी नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित है, जबकि तमिलनाडु निचले हिस्से में आता है. ऐसे में कर्नाटक अकेले ऐसी कोई परियोजना शुरू नहीं कर सकता, जिसका असर तमिलनाडु के जल अधिकारों पर पड़े.
मेकेदातु बांध को लेकर दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. अब इस मुद्दे पर कांग्रेस शासित कर्नाटक और तमिलनाडु में कांग्रेस के सहयोग वाली सरकार के बीच मतभेद सामने आने से राजनीतिक बहस और तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा की तैयारी तेज, 200 शटल बसें, 20 क्लिनिक और पुलिस सहायता केंद्र होंगे स्थापित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









