Turkey Blast : तुर्की में एक औद्योगिक हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. देश के इजमिर प्रांत में सोमवार को एक स्टील प्लांट में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद परिसर में आग फैल गई. इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं.
यह हादसा इजमिर प्रांत के अलीआगा इलाके में स्थित हाबास स्टील प्लांट में हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्लांट में बॉयलर बदलने का काम चल रहा था. इसी दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई.
इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि बॉयलर बदलने के कारण प्लांट में उत्पादन बंद था. इसी वजह से घटनास्थल के आसपास सामान्य दिनों में मौजूद रहने वाले करीब 300 कर्मचारियों की जगह उस समय लगभग 200 कर्मचारी ही मौजूद थे.
राष्ट्रपति एर्दोगन ने दिए जांच के आदेश
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने कैबिनेट बैठक के बाद टेलीविजन पर देश को संबोधित करते हुए हादसे की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि घटना की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है.
एर्दोगन ने कहा कि विस्फोट के पीछे की वजहों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा. साथ ही यह भी जांच होगी कि कहीं किसी की लापरवाही तो इस हादसे की वजह नहीं बनी, उन्होंने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही.
सालाना 45 लाख टन स्टील बनाने की क्षमता
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हाबास स्टील प्लांट की स्थापना 1987 में हुई थी. यहां हर साल करीब 45 लाख टन स्टील का उत्पादन करने की क्षमता है. फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
गौरतलब है कि इससे पहले मार्च में इस्तांबुल के फातिह जिले में प्राकृतिक गैस के विस्फोट से दो इमारतें ढह गई थीं. उस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे. अब इजमिर के स्टील प्लांट में हुए विस्फोट ने तुर्की में औद्योगिक और भवन सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









