FBI Investigation : अमेरिकी टेक कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों निजी जिंदगी से जुड़े विवाद और कथित चीनी जासूसी कनेक्शन को लेकर सुर्खियों में हैं. इस विवाद का असर अब कंपनी के शेयर बाजार प्रदर्शन पर भी दिखाई देने लगा है. सोमवार को Nvidia के शेयर 4.3 फीसदी टूटकर 178.67 डॉलर पर बंद हुए. इस गिरावट के चलते कंपनी के बाजार मूल्य में एक ही दिन में करीब 190 अरब डॉलर की कमी आ गई. खास बात यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में बयान देने के बावजूद कंपनी के शेयरों में गिरावट जारी रही.
विवाद की शुरुआत जेनसन हुआंग और सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग के कथित संबंधों की खबरों के बाद हुई. कुछ रिपोर्ट्स में एलिस हुआंग को चीनी जासूसी नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है. इससे Nvidia की तकनीक और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जेनसन हुआंग से फोन पर बात की है और उन्हें उन पर पूरा भरोसा है. ट्रंप के मुताबिक, हुआंग को इस बात की जानकारी नहीं थी कि एलिस हुआंग का कथित तौर पर किसी चीनी जासूसी नेटवर्क से संबंध हो सकता है, उन्होंने यह भी बताया कि FBI इस मामले की जांच कर रही है.
अमेरिकी कांग्रेस ने भी मांगा जवाब
इस मामले में अमेरिकी कांग्रेस की तीन हाउस समितियों के अध्यक्षों ने जेनसन हुआंग को 18 नवंबर को बंद कमरे में होने वाली ब्रीफिंग के लिए बुलाया है. इसमें उनसे कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल किए जाएंगे.
वहीं, Nvidia के शेयरधारकों ने कैलिफोर्निया के सैन जोस की संघीय अदालत में कंपनी और उसके CEO के खिलाफ याचिका दायर की है. आरोप है कि कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित जोखिमों की जानकारी निवेशकों से छिपाई.
AI चिप्स की चीन तक पहुंच को लेकर जांच
अमेरिकी अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड ने निर्यात प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए Nvidia के अत्याधुनिक AI चिप्स चीन तक पहुंचाने में मदद की थी. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग ने बीजिंग के लिए खुफिया जानकारी जुटाई थी.
दूसरी ओर, Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति के जरिए मामले की जांच शुरू की है. बोर्ड का कहना है कि अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे कंपनी के गोपनीय रहस्यों या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता होने की पुष्टि हो.
जांच में सहयोग का भरोसा
जेनसन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को संदेश भेजकर निजी जीवन में हुई गलती की जिम्मेदारी ली है, उन्होंने अपनी पत्नी से धोखा देने की बात स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है. साथ ही उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने और कंपनी के साथ अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने की प्रतिबद्धता जताई है.
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोमवार को फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स में 6.9 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जबकि Nvidia के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए.
ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









