धर्म

श्रीकृष्ण ने क्यों तोड़ा इंद्र देव का घमंड? जानें गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा

Govardhan Puja 2026 : देशभर में आज मंगलवार (10 नवंबर) को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जा रहा है. हिंदू धर्म में इस त्योहार का विशेष धार्मिक महत्व है. हर साल यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है. इसे अन्नकूट उत्सव के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा की जाती है और उन्हें तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर देवराज इंद्र का अहंकार तोड़ा था, उन्होंने पर्वत के नीचे ब्रजवासियों और उनके पशुधन को आश्रय देकर इंद्र के प्रकोप से उनकी रक्षा की थी. इसी घटना की याद में गोवर्धन पूजा मनाने की परंपरा शुरू हुई.

गोवर्धन पूजा 2026 की तिथि

पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर शुरू हुई और 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा मंगलवार, 10 नवंबर को मनाई जा रही है.

क्यों शुरू हुई गोवर्धन पूजा की परंपरा?

पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार देवराज इंद्र को अपनी शक्तियों पर अभिमान हो गया था. उनका अहंकार दूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने एक लीला रची.कहा जाता है कि एक दिन गोकुल में सभी लोग उत्सव की तैयारियों में लगे थे. घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जा रहे थे और लोग गीत गा रहे थे. बाल कृष्ण ने अपनी माता यशोदा से पूछा कि आखिर किस उत्सव की तैयारी हो रही है. यशोदा ने बताया कि गांव के लोग देवराज इंद्र की पूजा करने वाले हैं.

गोकुलवासियों ने मानी बात

इस पर कृष्ण ने पूछा कि इंद्र की पूजा क्यों की जाती है. माता यशोदा ने समझाया कि इंद्र की कृपा से वर्षा होती है, जिससे खेतों में फसल उगती है और गायों के लिए चारे की व्यवस्था होती है.

कृष्ण ने कहा कि जब हमारी गायें गोवर्धन पर्वत पर चरती हैं और वहां के पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए उपयोगी हैं, तो हमें इंद्र के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए. उनकी बात मानकर गोकुलवासियों ने इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की.

सात दिनों तक पर्वत के नीचे रहे ब्रजवासी

गोकुलवासियों के इस फैसले से देवराज इंद्र क्रोधित हो गए, उन्होंने गांव में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. लगातार बारिश से लोग घबरा गए और उन्हें अपने परिवारों के साथ पशुधन की चिंता सताने लगी.

तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों व गायों को उसके नीचे आश्रय दिया. इंद्र ने सात दिनों तक लगातार तेज बारिश की, लेकिन किसी को नुकसान नहीं पहुंचा.

शुरू हुई गोवर्धन पूजा की परंपरा

आखिरकार देवराज इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ, उन्हें समझ आ गया कि श्रीकृष्ण कोई साधारण बालक नहीं हैं. इसके बाद उन्होंने भगवान कृष्ण से क्षमा मांगी और उनकी पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया.

मान्यता है कि इसी घटना के बाद से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई. आज भी इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा की जाती है, उन्हें अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाता है. इसी वजह से गोवर्धन पूजा को अन्नकूट उत्सव भी कहा जाता है.

ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button