Govardhan Puja 2026 : दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस दिन घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है और भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा की जाती है. अन्नकूट का भोग लगाने से लेकर गोवर्धन की परिक्रमा करने तक कई परंपराएं निभाई जाती हैं. लेकिन पूजा संपन्न होने के बाद एक सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है कि गोबर से बनाई गई गोवर्धन पर्वत की आकृति का आखिर क्या करना चाहिए? क्या इसे कूड़े में फेंक सकते हैं या इसे संभालकर रखना जरूरी है?
गोवर्धन पूजा में इस्तेमाल की गई गोबर की आकृति को पूजा खत्म होते ही नहीं हटाना चाहिए. मान्यता है कि इसे पूरे दिन पूजा स्थल पर रहने देना चाहिए. इसके बाद शाम के समय सावधानी से गोबर को इकट्ठा करके किसी साफ जगह पर रख सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, पूजा में इस्तेमाल किए गए गोबर को कूड़े में या किसी गंदे स्थान पर फेंकना उचित नहीं माना जाता.
गोबर में लगाई जाती हैं करवा चौथ की सफेद सींकें
गोवर्धन पूजा के बाद गोबर में करवा चौथ के दौरान इस्तेमाल की गई सफेद सींकें लगाने की भी परंपरा है. इसके ऊपर सरसों के तेल का दीपक जलाया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस प्रक्रिया के बाद गोबर को घर के किसी साफ स्थान पर सुरक्षित रखा जा सकता है.
गोवर्धन पूजा के गोबर का इन कामों में करें इस्तेमाल
गोवर्धन पूजा के बाद बचे गोबर को बेकार समझकर फेंकने की जरूरत नहीं है. इसका कई तरह से उपयोग किया जा सकता है.
आंगन की लिपाई : गोबर से घर के आंगन या छत की लिपाई की जा सकती है. इसे पारंपरिक रूप से शुभ माना जाता है.
उपले बनाएं : गोबर को सुखाकर उपले या कंडे तैयार कर सकते हैं, जिनका इस्तेमाल बाद में ईंधन के रूप में किया जा सकता है.
खेतों में खाद : गोबर को प्राकृतिक खाद के रूप में खेतों में इस्तेमाल किया जा सकता है.
पौधों के लिए खाद : गोबर को अच्छी तरह सड़ाकर कंपोस्ट तैयार करें और फिर गमलों या किचन गार्डन में इस्तेमाल करें. ताजा गोबर सीधे पौधों की जड़ों में डालने से बचना चाहिए.
आचार्य मदन मोहन के मुताबिक, पूजा में इस्तेमाल किए गए गोबर को इधर-उधर फेंकने के बजाय उपयोगी काम में लगाना चाहिए. इसे गोशाला में भी दिया जा सकता है, जहां इससे खाद या उपले तैयार किए जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









