राष्ट्रीय

E20 पेट्रोल में 31% एथनॉल के राहुल के दावे पर BJP का पलटवार, कहा- आपकी सरकार लाई थी कानून

Indian Politics : पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. राहुल गांधी ने कर्नाटक में हुई जांच का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि वहां पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक और करीब 31 प्रतिशत तक पाई गई है, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है.

राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने पलटवार किया है. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ”हे प्रभु जगन्नाथ, भटके हुए को रास्ता दिखाएं,” उन्होंने साल 2011 में बने कानून का हवाला देते हुए कहा कि मिलावट की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की होती है. निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कानून उनकी ही सरकार ने बनाया था, उन्होंने सवाल उठाया कि कर्नाटक में अपने मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी ट्वीट क्यों कर रहे हैं.

शाहनवाज हुसैन ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने भी इस मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एथनॉल को लेकर यूट्यूबर्स की तरह भ्रम फैला रहे हैं. उनके मुताबिक, एथनॉल किसानों के अनाज से तैयार होता है और इस तरह के बयान किसानों का अपमान हैं.

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि दुनिया के कई देशों में एथनॉल का इस्तेमाल किया जाता है, उन्होंने राहुल गांधी पर बिना पर्याप्त जानकारी और शोध के बयान देने का आरोप भी लगाया.

वोट चोरी के आरोपों पर भी दिया जवाब

शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी के वोट चोरी से जुड़े आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को सही बताती है, लेकिन हारने पर सवाल उठाती है, उन्होंने रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की रैली का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि रैली के बाद कांग्रेस लगातार नए मुद्दे उठा रही है.

फिलहाल पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया है.

ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button