विदेश

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग कराने वाला लॉरेंस गैंग का हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार

International Crime News : बॉलीवुड में दहशत फैलाने और फिल्मी सितारों को धमकियां देने वाले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक अहम सदस्य को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने वाला गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में पकड़ा गया है. अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है. भारतीय जांच एजेंसियों के इनपुट के बाद हुई इस कार्रवाई को विदेश में छिपकर आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गिरोहों के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हैरी बॉक्सर से जुड़े इनपुट अमेरिकी एजेंसियों के साथ साझा किए थे. इसके बाद अमेरिका की आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया. हैरी पर हत्या, रंगदारी और धमकी देने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोप है कि वह अमेरिका में बैठकर अपने गिरोह की गतिविधियों को संचालित कर रहा था.

कौन है हैरी बॉक्सर, कैसे पड़ा यह नाम?

हैरी बॉक्सर का वास्तविक नाम हरिचंद जाट बताया जाता है. वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है. जयपुर में रहते हुए उसने मुक्केबाजी सीखी थी. इसी खेल से उसकी पहचान बॉक्सर के नाम से बनी. शुरुआत में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और मुक्केबाजी प्रशिक्षक के तौर पर भी काम कर चुका है. बाद में वह अपराध की दुनिया में पहुंच गया और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ गया.

रोहित शेट्टी के घर कब हुई थी गोलीबारी?

1 फरवरी 2026 की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर कई गोलियां चलाई गई थीं. घटना के समय निर्देशक अपने घर में मौजूद थे, लेकिन इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ था. बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

हैरी बॉक्सर से पहले हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है. इन पर भी भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. अब हैरी बॉक्सर की हिरासत के बाद भारतीय एजेंसियों की नजर आगे की कानूनी कार्रवाई पर है.

ये भी पढ़ें- आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को अब मिलेंगे 8 लाख रुपये, योगी सरकार का बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button