Other Statesराज्यराष्ट्रीय

Tamil Nadu की जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला, 4 गिरफ्तार

Tamil Nadu Jail Escape : तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से पुलिसकर्मियों पर हमले के बाद 17 कैदी फरार हो गए। शुरुआती तलाशी अभियान में चार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं। घटना में तीन जेलकर्मी घायल हुए हैं। आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही है।

Tamil Nadu Jail Escape : तमिलनाडु के थेनी जिले की एक सब-जेल में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कैदियों ने जेल कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद 17 कैदी जेल से भागने में कामयाब रहे। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें गठित की हैं। रातभर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान चार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कैदी की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पहुंचे थे कर्मचारी

दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी के अनुसार, सभी 17 कैदी जेल की एक ही सेल में बंद थे। रात के समय जेल कर्मचारियों को सूचना दी गई कि एक कैदी की तबीयत खराब है और उसे दौरे पड़ रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद जेल कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी सेल का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान वहां मौजूद कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

हमले में तीन जेलकर्मी घायल

कैदियों के हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें थेनी जिला जेल में तैनात ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी भी शामिल हैं, जिनके सिर में चोट आई। उन्हें जी. विलाक्कु स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य दो जेलकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

आसपास के जिलों में अलर्ट, 16 चेकपोस्ट पर जांच

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने चेकपोस्ट बनाए जाने की पुष्टि की है।

पुलिस ने मदुरै और डिंडीगुल के साथ केरल के इडुक्की जिले के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी है। फरार कैदियों की तस्वीरें विभिन्न पुलिस थानों में साझा की गई हैं, ताकि उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

1995 की जेल से फरारी की घटना की भी चर्चा

तमिलनाडु में कैदियों के सामूहिक रूप से फरार होने की यह घटना 1995 के बाद की बड़ी घटनाओं में गिनी जा रही है। वर्ष 1995 में वेल्लोर किले के भीतर बने विशेष हिरासत केंद्र से लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) संगठन से जुड़े 43 संदिग्ध सुरंग बनाकर फरार हो गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, उस सुरंग की लंबाई लगभग 153 फीट यानी 47 मीटर थी।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ : भारत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला, वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका, न्यूजीलैंड ने किए तीन बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button