Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान उनके काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. हादसा एक्सप्रेसवे पर हालियापुर के पास 89.5 माइलस्टोन के नजदीक हुआ. बताया गया कि अचानक ब्रेक लगने के कारण काफिले की चार गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में भिड़ गईं. इस दुर्घटना में राहुल गांधी के साथ चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आईं. हालांकि, राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित बताए गए और उन्हें मानहानि मामले की सुनवाई के लिए अदालत पहुंचना था.
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी मानहानि मामले में सुनवाई के लिए लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे, उन्हें अदालत में पेश होना था. इसी दौरान उनका काफिला सुल्तानपुर के हालियापुर के पास एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, तभी अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं. हादसे के बाद काफिले में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. दुर्घटना में घायल हुए कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित रहे.
सुल्तानपुर पहुंचने पर समर्थकों ने किया स्वागत
सुल्तानपुर पहुंचने के बाद राहुल गांधी का कांग्रेस समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया. इस दौरान उनके समर्थन में नारे भी लगाए गए. राहुल गांधी यहां मानहानि मामले की सुनवाई के सिलसिले में पहुंचे थे.
राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर दर्ज किया गया था. वर्ष 2018 में इस संबंध में मानहानि का मुकदमा दर्ज हुआ था. मामले की बहस 13 अक्टूबर को पूरी हो चुकी है और अब अदालत के फैसले का इंतजार है.
इस मामले की सुनवाई के लिए राहुल गांधी का सुल्तानपुर पहुंचना राजनीतिक और कानूनी, दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें – उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, 5 पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









