Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है. रविवार, 25 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया. इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए रैली के प्रचार के लिए धन्यवाद भी कहा.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “हमारा वोट चुराया जा रहा है और ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे. मतदाता सूचियों से नाम काटे गए. नियम-कानून तोड़े गए और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं. अब जवाब देश देगा. 1 नवंबर – चलो दिल्ली. वोट बचाओ – देश बचाओ जन मार्च और महारैली,”उन्होंने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि वोट जनता का अधिकार है और इसकी रक्षा की लड़ाई भी जनता की है.
BJP को धन्यवाद क्यों दिया?
राहुल गांधी ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी और उसके सहयोगी रैली का जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं, जिससे कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रही है, उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक भी इसी तरह प्रचार जारी रहना चाहिए. उनकी इस टिप्पणी को आगामी रैली से पहले भाजपा पर राजनीतिक निशाना साधने के तौर पर देखा जा रहा है.
1 नवंबर को रामलीला मैदान में होगी रैली
कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जाएगी. कांग्रेस मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी लगातार विरोध कर रहा है.
रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के शीर्ष नेताओं को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है. अब इस आयोजन में जुटने वाली भीड़ और विपक्ष के अभियान पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार का दिव्यांग बच्चों की शुरुआती शिक्षा पर जोर, 28 नए बचपन डे केयर सेंटरों की स्थापना को मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









