Uttar Pradesh

गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, ‘विंग्स ओवर गंगा’ में 100 विमानों ने दिखाया दम

UP News : काशी में शनिवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य और हवाई ताकत का शानदार नजारा देखने को मिला. ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन गंगा के दोनों किनारों पर हजारों लोग विमानों के करतब देखने पहुंचे. लड़ाकू विमानों की गर्जना, आसमान में उनकी तेज रफ्तार और हैरतअंगेज फॉर्मेशन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. घाटों पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे.

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29, एलसीए और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया. हार्वर्ड विमान के साथ सूर्यकिरण और सारंग प्रदर्शन टीमों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा.

गंगा के ऊपर विमानों के हवाई करतब

सुबह 11:40 बजे विमानों का प्रदर्शन शुरू हुआ. इसके बाद गंगा के ऊपर अलग-अलग दिशाओं से विमानों की आवाजाही और सधे हुए हवाई करतबों का सिलसिला चलता रहा. विमानों की गति, सटीक तालमेल और आकर्षक फॉर्मेशन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कमेंट्री के जरिए दर्शकों को विमानों की विशेषताओं, तकनीक और सामरिक क्षमताओं की जानकारी भी दी गई.

लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने दिखाई ताकत

एयर शो में लड़ाकू विमानों के अलावा एलसीएच, चिनूक, एएलएच मार्क-III, एएलएच मार्क-IV, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 जैसे हेलीकॉप्टर शामिल रहे. परिवहन और सहायक विमानों में सी-295, सी-17, सी-130, एईडब्ल्यूएंडसी, आईएल-78, एएन-32 और पी-8आई ने हिस्सा लिया.

प्रदर्शन में भारतीय थल सेना के दो एएलएच हेलीकॉप्टरों और भारतीय नौसेना के एक पी-8आई विमान तथा एक कामोव-31 हेलीकॉप्टर ने भी भाग लिया. भारतीय वायुसेना के गरुड़ विशेष बल की भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बनाया.

100 विमानों ने पेश की हवाई ताकत की झलक

इस भव्य प्रदर्शन में कुल 100 विमान शामिल रहे. इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल था. इन विमानों ने देश के 12 वायु अड्डों से उड़ान भरी. गंगा के ऊपर हुए इस आयोजन में भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता और परिचालन क्षमता की झलक देखने को मिली.

‘विंग्स ओवर गंगा’ का पहला प्रदर्शन 22 अक्टूबर को हुआ था. शनिवार, 24 अक्टूबर को दूसरे दिन का आयोजन हुआ, जबकि तीसरा और अंतिम प्रदर्शन रविवार, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है. अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति प्रस्तावित है.

दर्शकों ने कहा, काशी में ऐसा आयोजन गर्व की बात

एयर शो देखने पहुंचीं रश्मि ने कहा कि लड़ाकू विमानों को हवा में दिल और डीएनए की आकृति बनाते देखना बेहद रोमांचक था, उन्होंने कहा, “भारतीय सेना के जांबाज जवानों का शौर्य और साहस देखकर मन गर्व से भर गया. हमने सोचा भी नहीं था कि बनारस में इतना भव्य एयर शो देखने को मिलेगा.”

रश्मि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि इस आयोजन से काशीवासियों को भारतीय सेना और वायुसेना की ताकत को करीब से जानने का अवसर मिला है. उनके मुताबिक, ऐसे कार्यक्रम युवाओं में देशसेवा और सेना में शामिल होने की भावना को बढ़ावा देते हैं.

दर्शकों ने की व्यवस्थाओं की सराहना

दर्शक भूमिका खन्ना ने कहा कि काशी में पहली बार इस तरह का एयर शो होना बड़ी बात है, उन्होंने बताया कि कमेंट्री के जरिए विमानों की विशेषताओं को समझने में मदद मिली. घाटों पर उमड़ी भीड़ और वंदे मातरम् के नारों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया.

योगेश्वर ने कहा कि आसमान में लड़ाकू विमानों के करतब देखकर बच्चे बेहद उत्साहित हैं. उनके अनुसार, यह आयोजन मनोरंजन के साथ बच्चों को भारतीय वायुसेना की ताकत समझने का अवसर भी दे रहा है, उन्होंने घाटों तक पहुंचने और सुरक्षित तरीके से प्रदर्शन देखने की व्यवस्थाओं की भी सराहना की.

देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण

एयर शो के दौरान नमो घाट पर देशभक्ति के गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं. वसंत महिला महाविद्यालय और अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने नृत्य के जरिए अपनी भागीदारी निभाई.छात्राओं श्रेया तिवारी और आकृति श्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के शौर्य के बीच देशभक्ति की प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व का अनुभव है, उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशसेवा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं.

गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना, घाटों पर उमड़ा जनसैलाब और देशभक्ति के नारों ने वाराणसी के इस आयोजन को खास बना दिया. काशीवासियों और यहां पहुंचे पर्यटकों के लिए ‘विंग्स ओवर गंगा’ का दूसरा दिन यादगार अनुभव रहा.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार का दिव्यांग बच्चों की शुरुआती शिक्षा पर जोर, 28 नए बचपन डे केयर सेंटरों की स्थापना को मंजूरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button