Other States

मुंबई की 13 मंजिला इमारत में सुबह-सुबह लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल

Mumbai Fire Incident : मुंबई के कुर्ला वेस्ट में मंगलवार सुबह एक रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में लगी आग के कारण पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाना पड़ा. इस हादसे में तीन बच्चों समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 8 लोगों को धुएं के कारण दम घुटने की शिकायत हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है.

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 53 मिनट पर इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ लोगों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7 बजकर 21 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया.

धुएं के कारण लोगों को हुई परेशानी

आग इलेक्ट्रिकल डक्ट से शुरू हुई थी और इसके साथ ही इमारत में धुआं फैलने लगा. इसकी वजह से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई. घायलों में एक पांच साल का बच्चा, दो किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं. सभी नौ घायलों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया. नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है.

कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस, बिजली कंपनी, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड स्टाफ को भी मौके पर बुलाया गया. संयुक्त प्रयासों से आग को इमारत के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया. आग बुझने के बाद अधिकारियों ने भवन और आसपास के हिस्सों का निरीक्षण शुरू किया.

फिलहाल आग लगने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है. अधिकारी घटना के कारणों की जांच करने के साथ इमारत को हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button