Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने का ऐलान किया है. मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार झोटा के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. परिवार की मांग स्वीकार करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला लिया गया है.
परविंदर झोटा की हत्या के बाद से ही उनके परिजन मामले की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे थे. परिवार ने अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया है और शव का पोस्टमार्टम पीजीआई के डॉक्टरों की टीम से कराने की मांग भी उठाई थी. शिरोमणि अकाली दल और भाजपा समेत विपक्षी दलों ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी. परिवार और आंदोलन से जुड़ी एक्शन कमेटी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की अपील की थी.
13 अक्टूबर को हुई थी हत्या
परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. रिपोर्टों के मुताबिक, झोटा दुकान के मालिक से कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर सवाल कर रहे थे. इसी दौरान विवाद हुआ और गोलीबारी में उनकी जान चली गई. पुलिस ने मामले में आरोपी दुकान मालिक को गिरफ्तार किया था.
झोटा कथित नशा विक्रेताओं के खिलाफ आवाज उठाते थे और सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो के जरिए ऐसे मामलों को सामने लाते थे. उनकी हत्या के बाद पंजाब में विरोध प्रदर्शन हुए और नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग तेज हुई.
अमित शाह भी करेंगे परिवार से मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंगलवार को पंजाब दौरे के दौरान झोटा के परिवार से मिलने का कार्यक्रम है. वहीं, राज्य सरकार ने परिवार और समर्थकों से बातचीत के लिए तीन महिला आईएएस अधिकारियों की समिति भी बनाई थी. अब सीबीआई जांच के ऐलान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









