Punjab News : पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्तौल और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है. इसके अलावा, हेरोइन की तस्करी में इस्तेमाल किया जाने वाला एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है. पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी तस्करों के सीधे संपर्क में होने की बात सामने आई है.
10 पिस्तौल और 1.022 किलो हेरोइन बरामद
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई. इस दौरान गौतम उर्फ अजय और रवि शेर सिंह को दो ग्लॉक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान गौतम से मिली जानकारी के आधार पर सात अन्य पिस्तौल भी बरामद किए गए.
इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी राजबीर सिंह उर्फ राजा को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से .30 बोर की एक पिस्तौल और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई. इस तरह पुलिस ने कुल 10 पिस्तौल जब्त किए हैं.
तीनों आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम उर्फ अजय (28), निवासी गांव सैंसरा खुर्द, रवि शेर सिंह (22), निवासी गांव गुरु का बाग, थाना झंडेर और राजबीर सिंह उर्फ राजा (24), निवासी गांव बासरके भैणी के रूप में हुई है. राजबीर वर्तमान में पाल एवेन्यू, अमृतसर देहाती में रह रहा था.
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में थे, जो उन्हें अवैध हथियार उपलब्ध कराते थे. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के स्रोत का पता लगा रही है.
पुलिस ने बताया कि गौतम के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं. वहीं, राजबीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. मामले में थाना कैंटोनमेंट में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









