Delhi NCR Weather : उत्तर भारत में मॉनसून की विदाई के बाद अब सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर थमने के बाद सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री के करीब बना हुआ है. मौसम में इस बदलाव के बीच सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है. हालांकि, फिलहाल कड़ाके की सर्दी से राहत रहने का अनुमान है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 18 से 24 अक्टूबर के दौरान उत्तर भारत में मौसम शुष्क रहने के संकेत दिए हैं. दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश की संभावना कम है.
यूपी, बिहार और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार और राजस्थान में भी सुबह-शाम गुलाबी ठंड का असर महसूस किया जा सकता है. इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई गई है. ऐसे में दिन के समय गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर बना रह सकता है.
सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका
सर्दियों के दौरान बारिश कम होने और हवा की रफ्तार धीमी पड़ने पर दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण लंबे समय तक बना रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियां कमजोर रहने पर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में सर्दियों की बारिश भी प्रभावित हो सकती है. मौसम में आने वाले बदलावों के बीच आने वाले दिनों में तापमान और वायु गुणवत्ता पर नजर रखना जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









