राजनीति

कपिल सिब्बल ने राजनाथ सिंह पर किया पलटवार, बोले- ‘जनता चाहती है सत्ता परिवर्तन’

Political News : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सत्ता परिवर्तन से जुड़े बयान पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस पर बांग्लादेश के रास्ते देश में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करने के आरोपों को खारिज करते हुए सिब्बल ने कहा कि सत्ता परिवर्तन की मांग जनता की ओर से उठ रही है, उन्होंने भ्रष्टाचार, सरकारी संस्थाओं और मतदाता सूची में कथित हेरफेर को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए.

कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस पर बांग्लादेश के रास्ते सत्ता परिवर्तन की कोशिश करने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि जनता खुद सत्ता परिवर्तन चाहती है, उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ नारों के साथ हुए विरोध प्रदर्शनों ने सरकार को सत्ता तक पहुंचाया था, लेकिन अब सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, संस्थाओं पर कब्जा करने और मतदाता सूची में हेरफेर करने के आरोप हैं. सिब्बल ने अपने बयान में कहा कि अब सरकार के सत्ता से जाने का वक्त आ गया है.

राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर क्या आरोप लगाए थे?

दरअसल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 16 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा था, उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करके देश में सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहा है, उन्होंने इसे ‘रिजीम चेंज’ यानी सत्ता परिवर्तन की कोशिश बताते हुए कहा था कि आंदोलन और विरोध प्रदर्शनों के जरिए देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है.

युवाओं के आंदोलन को लेकर भी उठाए सवाल

बता दें कि राजनाथ सिंह ने विरोध प्रदर्शनों में युवाओं की भागीदारी को लेकर भी विपक्ष पर आरोप लगाए थे. उनका कहना था कि आंदोलन और संघर्ष के नाम पर युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने के लिए किया जा रहा है.

राजनाथ सिंह के इन बयानों के बाद कपिल सिब्बल की प्रतिक्रिया सामने आई है. दोनों नेताओं के बयानों से सत्ता परिवर्तन, भ्रष्टाचार और मतदाता सूची जैसे मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव सामने आया है.

ये भी पढ़ें- अभिजीत दीपके, नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, तिरंगा रैली में जा रहे थे शामिल होने, 6 दिन में दूसरी बार कस्टडी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button