Biharबड़ी ख़बरराज्य

बिहार के वैशाली में दर्दनाक नाव हादसा, 13 लोगों की मौत; मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान

Bihar Boat Accident : बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। रामपुर श्यामचंद पंचायत में श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी नाव बीच पानी में पलट गई। हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

श्राद्ध भोज में जा रहे थे लोग, बीच पानी में पलटी नाव

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग डूबने लगे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों से लोग मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 13 लोगों की मौत

हादसे के बाद डूबने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन पहुंच गए। पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस हादसे से पूरे राघोपुर प्रखंड में शोक की लहर फैल गई।

हादसे में जान गंवाने वाले 13 लोगों की पहचान

नाव हादसे में जान गंवाने वाले सभी 13 लोगों की पहचान सामने आई है। मृतकों में अधिकतर बच्चे हैं। उनकी पहचान इस प्रकार है:

  1. पिंकी (13 वर्ष), पिता डोमन राय
  2. अंगिता (6 वर्ष), पिता राज किशोर राय
  3. सुनीता (13 वर्ष), पिता राजकिशोर राय
  4. अमृता (16 वर्ष), पिता राजकिशोर राय
  5. आर्यन (13 वर्ष), पिता गिरधारी राय
  6. अलीशा (18 वर्ष), पिता सुरेश राय
  7. सिंकी (16 वर्ष), पिता सुरेश राय
  8. भोणू (12 वर्ष), पिता राम प्रवेश राय
  9. मीरा (12 वर्ष), पिता लालू राय
  10. नमन (10 वर्ष), पिता मुकेश राय
  11. सोनम (11 वर्ष), पिता नरेश राय
  12. मोहन (13 वर्ष), पिता अखिलेश राय
  13. विपुल (13 वर्ष), पिता रामनरेश राय

इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजन अपनों को खोने के गम में बेहाल हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

हादसे पर दुख जताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख, PMNRF से भी मिलेगी सहायता

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में वैशाली नाव हादसे में हुई जनहानि को बेहद दुखद बताया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

जिलाधिकारी ने दी बचाव अभियान की जानकारी

घटना के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, एसएसपी शुभांक मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। शुरुआती सूचना के अनुसार, बच्चे पास के गांव में भोज खाने जा रहे थे, तभी नाव पलट गई।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के मुताबिक, बचाव कार्य रातभर जारी रखने की तैयारी थी और जरूरत के अनुसार अगले दिन भी अभियान चलाया जाना था।

जर्जर नाव को हादसे की वजह बता रहे ग्रामीण

हादसे के बाद कुछ ग्रामीणों ने नाव की जर्जर हालत को दुर्घटना की वजह बताया और संबंधित अंचल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की।

फिलहाल, हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। साथ ही नाव की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें – योगी सरकार की पहल से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं, वाराणसी के 65 प्रेरणा मार्ट में बिक रहे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button