Jantar Mantar : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध एक बार फिर सामने आया है. मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने कुछ समर्थकों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे. यहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दोनों नेताओं और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया.
CJP और आशुतोष रांका की ओर से प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया है. वीडियो में रांका अपने समर्थकों के साथ झंडे लेकर नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर अपने साथ ले जाते नजर आते हैं. इस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने पर नाराजगी
CJP नेताओं का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब सरकार ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया है. पार्टी ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है. CJP नेता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर को विरोध स्थल की सूची से हटाना सरकार के डर को दर्शाता है, उन्होंने कहा कि इस कदम से विरोध प्रदर्शनों को रोका नहीं जा सकेगा. दीपके ने आशुतोष रांका की तिरंगा लेकर खड़े होने वाली तस्वीर भी साझा की.
10 अक्टूबर को भी CJP नेता हिरासत में
इससे पहले 10 अक्टूबर को CJP ने दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया था. उस दौरान पार्टी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था. पार्टी के दावे के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों से 7,000 से अधिक लोगों को भी हिरासत में लिया गया था. बाद में हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया गया. अब जंतर-मंतर पर हुई इस कार्रवाई ने CJP और पुलिस के बीच टकराव को फिर चर्चा में ला दिया है.
ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









