राष्ट्रीय

CJP प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जा रहे कार्यकर्ताओं को इटारसी में ट्रेन से उतारा, जमकर हंगामा

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन से पहले मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जा रहे 16 कार्यकर्ताओं को गोवा एक्सप्रेस से उतार दिया गया, जिसके बाद हंगामा हुआ. वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर भोपाल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के रद्द होने की सूचना है. रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी है.

CJP Protest : दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन का असर अब रेलवे यातायात पर भी दिखाई देने लगा है. मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जा रहे CJP के करीब 16 कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारे जाने के बाद हंगामा हुआ. वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने की सूचना सामने आई है. इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है.

जानकारी के मुताबिक, CJP के कार्यकर्ता 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गोवा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दिल्ली जा रहे थे. ट्रेन के इटारसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर 11 युवकों और 5 युवतियों समेत करीब 16 कार्यकर्ताओं को नीचे उतार लिया.

इस कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, उन्होंने पुलिस पर जबरन हिरासत में लेने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया.

भोपाल एक्सप्रेस भी रद्द

रेलवे से जुड़ी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस को भी रद्द करने का निर्णय लिया गया है. यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलती है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है.

पटना से दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनें भी रद्द

दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर पटना से दिल्ली जाने वाली मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रद्द किए जाने की सूचना दी गई है. बताया गया है कि 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर असर पड़ सकता है.

रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी यातायात की आशंका को इन बदलावों की वजह बताया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना और पूछताछ सेवाओं से अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें.

ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button