Uttar Pradesh

अखिलेश यादव का गठबंधन सहयोगियों को संदेश, बोले- ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’

Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और उसके संभावित सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन की एकजुटता को लेकर अपनी बात साफ कर दी है, उन्होंने कहा कि चुनाव में सीटों का बंटवारा कितना हुआ, यह सबसे अहम नहीं है. असली लक्ष्य गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है.” इसके बाद उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं होना चाहिए कि गठबंधन में कितनी सीटें किसके पास जा रही हैं, बल्कि सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जीत गठबंधन की हो.

बात सीट की नहीं जीत की है

सपा प्रमुख ने अपनी बात दोहराते हुए लिखा, “फिर दोहराते हैं : बात सीट की नहीं जीत की है,” उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ गठबंधन के दलों की नहीं होगी, बल्कि उस संयुक्त कोशिश की जीत होगी जो साम्प्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष कर रही है.

अखिलेश ने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा तथा देश में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली को भी इस संयुक्त प्रयास से जोड़ा.

सीटों को लेकर चल रही खींचतान

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव से पहले गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच चर्चाएं और बयानबाजी लगातार सामने आ रही हैं.
कांग्रेस ने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अजय राय की जगह अराधना मिश्रा को जिम्मेदारी दी है. बताया जा रहा है कि अजय राय सपा के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन को लेकर उत्सुक नहीं थे, जबकि अराधना मिश्रा के अखिलेश यादव के साथ अच्छे राजनीतिक संबंध बताए जाते हैं.

इमरान मसूद के बयान से भी बढ़ी थी चर्चा

कांग्रेस की ओर से इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. हाल के दिनों में उन्होंने गठबंधन को लेकर तल्ख बयान दिए थे. वहीं सपा की ओर से इकरा हसन के बयानों को लेकर भी दोनों दलों के बीच असहजता की चर्चा हुई थी.

अब अखिलेश यादव ने सार्वजनिक तौर पर सीटों से ज्यादा गठबंधन की जीत को प्राथमिकता देने की बात कही है. ऐसे में नजर इस बात पर होगी कि आने वाले दिनों में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है.

ये भी पढ़ें – काशी के आसमान में गूंजेगा वायुसेना का शौर्य, नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button