Rajasthan Civic Elections 2026 : राजस्थान के शहरों की सियासत के लिए आज का दिन बेहद अहम है. नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजों के लिए 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है. प्रदेश के 309 शहरी निकायों के 10,167 वार्डों में हुए चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं. इसके साथ ही 38,889 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला भी हो रहा है.
मतगणना केंद्रों पर उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी के बीच वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों के साथ यह तस्वीर बनने लगेगी कि शहरी मतदाताओं ने किस पार्टी और उम्मीदवार पर भरोसा जताया है. खास नजर बीजेपी और कांग्रेस के प्रदर्शन पर है.
दो चरणों में हुआ था मतदान
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए गए थे. पहले चरण में 9 सितंबर को 162 शहरी निकायों में मतदान हुआ, जहां 76.41 प्रतिशत वोट पड़े. दूसरे चरण में 11 सितंबर को 147 निकायों के लिए मतदान हुआ और 71.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. दोनों चरणों को मिलाकर प्रदेश में कुल मतदान 74.05 प्रतिशत रहा.
पहले चरण में 131 नगर पालिका, 27 नगर परिषद और 4 नगर निगम शामिल थे. दूसरे चरण में 121 नगर पालिका, 20 नगर परिषद और 6 नगर निगम के लिए मतदान हुआ था.
2028 से पहले सेमीफाइनल की तरह नतीजे
इन चुनावों को 2028 के राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है. बीजेपी और कांग्रेस के लिए शहरी इलाकों में प्रदर्शन खास मायने रखता है. हालांकि निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दे और प्रत्याशी की व्यक्तिगत पकड़ भी परिणामों को प्रभावित करती है.
नतीजों के बाद अगली नजर मेयर, सभापति और नगरपालिका चेयरमैन के चुनाव पर रहेगी. इन पदों के लिए 21 सितंबर को वोटिंग होनी है. ऐसे में आज आने वाले नतीजे राजस्थान के शहरों में आगे बनने वाले सियासी समीकरणों की दिशा तय कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









