Delhi NCR

ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन पहुंचे भारत, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, किन मुद्दों पर होगी बात?

Iran President Pezeshkian : ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भारत पहुंच गए हैं. अपने दौरे के दौरान वह नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक भी होगी. दोनों नेताओं की बातचीत में भारत और ईरान के बीच सहयोग से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियन से मुलाकात कर चुके हैं. उस बैठक में भारत ने क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता बनाए रखने की कोशिशों के लिए अपना समर्थन दोहराया था.

व्यापार और सहयोग बढ़ाने पर भारत का जोर

भारत ने BRICS और एससीओ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर ईरान के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है. प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार के रास्तों को बढ़ाने और उनमें विविधता लाने पर भारत के रुख को स्पष्ट किया. साथ ही कई क्षेत्रों में दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई गई.

चाबहार पोर्ट पर भी रहेगी नजर

वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाला BRICS सम्मेलन भारत के साथ द्विपक्षीय बातचीत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है, उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुपक्षीय कूटनीति से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय प्रगति को भी गति मिलेगी.

साझा हितों वाले मुद्दों पर बातचीत

बघाई के मुताबिक, ईरान BRICS सम्मेलन के दौरान भारत के साथ साझा हितों वाले मुद्दों पर बातचीत जारी रखेगा, उन्होंने भारत की BRICS और शंघाई सहयोग संगठन में प्रभावशाली भूमिका का भी उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि भारत के साथ ईरान के कई क्षेत्रों में अच्छे संबंध हैं, खासकर व्यापार और आर्थिक सहयोग में. बघाई ने कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को अहम प्राथमिकता बताते हुए चाबहार पोर्ट को दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण बताया, उन्होंने कहा कि भारत और ईरान के रिश्ते अच्छे हैं और लगातार बेहतर हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button