India Nuclear Power : अमेरिकी संस्था ‘फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स’ (FAS) की एक नई रिपोर्ट में भारत के परमाणु हथियारों को लेकर अनुमान जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पास करीब 190 परमाणु हथियार हो सकते हैं। इसमें भविष्य में तैयार की जा रही नई मिसाइल प्रणालियों के लिए अतिरिक्त हथियारों का अनुमान भी शामिल है।
भारत के पास होंगे कुल 225 परमाणु बम
FAS ने यह आंकलन ओपन सोर्स जानकारी, सरकारी आंकड़ों और कमर्शियल सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण के आधार पर किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत आने वाले वर्षों में अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को और बढ़ा सकता है। आगामी सालों में भारत 35 और परमाणु बम बना सकता है, इस तरह यह संख्या 225 तक पहुंच सकती है।
परमाणु क्षमता वाले 9 सिस्टम ऑपरेशनल
रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास फिलहाल 9 परमाणु क्षमता वाले सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम दो विमान, जमीन से लॉन्च होने वाली छह बैलिस्टिक मिसाइल प्रणालियां और समुद्र आधारित एक बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल है। FAS का कहना है कि भारत कुछ नई परमाणु क्षमता वाली प्रणालियों को विकसित कर रहा है, जिससे भविष्य में उसकी रणनीतिक क्षमता में वृद्धि हो सकती है।
नई हथियार प्रणालियों पर भारत का फोकस
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत अपने परमाणु हथियारों और उन्हें ले जाने वाली प्रणालियों को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। इसके तहत नए विमान, जमीन आधारित मिसाइल और समुद्री प्लेटफॉर्म को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
संस्था के अनुसार, भारत के पास सैन्य प्लूटोनियम का पर्याप्त भंडार हो सकता है, जिससे भविष्य में और परमाणु हथियार तैयार किए जा सकते हैं। हालांकि, यह भी संभावना जताई गई है कि भारत ने अपने सभी संसाधनों का उपयोग हथियार बनाने में नहीं किया है।
भारत की ‘नो-फर्स्ट-यूज’ नीति जारी
भारत लंबे समय से परमाणु हथियारों को लेकर ‘नो-फर्स्ट-यूज’ यानी पहले परमाणु हमला नहीं करने की नीति अपनाता रहा है। भारत सरकार ने भी कई मौकों पर कहा है कि देश विश्वसनीय न्यूनतम प्रतिरोध क्षमता बनाए रखने और परमाणु नीति के प्रति प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के परमाणु हथियारों की संख्या भविष्य में उन लॉन्च सिस्टम पर भी निर्भर करेगी, जिनके जरिए इन हथियारों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- BRICS Summit में भारत आएंगे शी जिनपिंग, मोदी-जिनपिंग मुलाकात से बदलेंगे रिश्तों के समीकरण
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









