Other States

कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली पर ED की कार्रवाई, बेंगलुरु-बेलगावी समेत 18 ठिकानों पर छापेमारी

ED Raid : कर्नाटक के PWD मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश जारकीहोली से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. ED की टीमें कर्नाटक के बेंगलुरु और बेलगावी के अलावा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में करीब 18 परिसरों की तलाशी ले रही हैं. इनमें बेंगलुरु की डॉलर्स कॉलोनी स्थित सतीश जारकीहोली का आवास भी शामिल है.

बुधवार सुबह ED के अधिकारी CRPF जवानों के साथ दो वाहनों में मंत्री के सरकारी आवास पहुंचे. इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. हालांकि, ED की ओर से अभी तक तलाशी में किसी तरह की बरामदगी की जानकारी सामने नहीं आई है.

बेटी प्रियंका जारकीहोली से जुड़े परिसरों की भी जांच

ED सूत्रों के मुताबिक, जांच सिर्फ सतीश जारकीहोली तक सीमित नहीं है. उनकी बेटी और कांग्रेस सांसद प्रियंका जारकीहोली से जुड़े परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है. एजेंसी बेंगलुरु, बेलगावी और महाराष्ट्र में करीब 18 ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच कर रही ह.

सतीश जारकीहोली कर्नाटक सरकार में PWD मंत्री हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं. उन्हें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का करीबी भी माना जाता है. ऐसे में मंत्री और उनके परिवार से जुड़े परिसरों पर ED की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

24 जून को बहनोई के घर भी हुई थी तलाशी

ED की मौजूदा कार्रवाई को 24 जून को हुई तलाशी से भी जोड़कर देखा जा रहा है. उस समय एजेंसी ने बेलगावी में आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर और सतीश जारकीहोली के बहनोई वाई. मंजूनाथ के घर तलाशी ली थी. उनके करीबी सहयोगियों और रिश्तेदारों से जुड़े परिसरों की भी जांच की गई थी.

यह कार्रवाई कथित तौर पर विदेश में अवैध तरीके से धन भेजने से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा थी. उस दौरान बेंगलुरु में मंजूनाथ के अपार्टमेंट के अलावा मैसूरु और अर्सिकेरे में उनके करीबी सहयोगियों की संपत्तियों पर भी तलाशी ली गई थी.

मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई

इससे पहले ED ने सोमवार को TMC के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की थी. नदीमुल हक से जुड़े उर्दू अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ के परिसरों में 24 घंटे से अधिक समय तक चली तलाशी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेनदेन में विसंगतियां सामने आने की बात कही गई थी.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार की नीतियों से यूपी में उद्योगों का बढ़ा भरोसा, उद्यमियों ने सरकार के प्रयासों को सराहा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button