Uttarakhandराज्य

CM धामी ने पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की ली संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर

Uttarakhand News : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, विधायकगणों, जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की।

संगठनात्मक गतिविधियों की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में तीनों लोकसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद तथा जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता भाजपा की शक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और जनता से निरंतर संपर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बूथ स्तर तक जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास और जनसेवा के संकल्प को अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत सेतु हैं। इसलिए जनता से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा उत्तराखंड

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। हमारा संकल्प है कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय करते हुए जनसंपर्क एवं जनसेवा अभियानों को गति दी जाए। प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में ये पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद श्री अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, प्रदेश पदाधिकारीगण, जिलाध्यक्षगण सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।I

ये भी पढ़ें – पंजाब के आउटसोर्स्ड कर्मचारियों को ठेका रोजगार में बदलने की प्रक्रिया तेज, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिए निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button