राष्ट्रीयविदेश

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, 800 से ज्यादा ड्रोन गिराने का दावा, कई लोगों की मौत

Russia Ukraine War : यूक्रेन ने रविवार को रूस के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। रूस के अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है। इसे रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन की ओर से किए गए सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया जा रहा है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर चले ऑपरेशन में उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 822 ड्रोन को नष्ट किया। मंत्रालय के मुताबिक, बड़ी संख्या में ड्रोन मॉस्को की दिशा में बढ़ रहे थे, जिन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया।

83 वर्षीय बुजुर्ग की चली गई जान

हमले के बाद रूस के कई क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। दक्षिण-पश्चिमी रूस के रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि इलाके के तीन शहरों में हुए ड्रोन हमलों के कारण पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं, मॉस्को क्षेत्र में एक ड्रोन के निजी मकान पर गिरने से 83 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई।

रूस की बड़े हमले को रोकने की कोशिश

इससे पहले शनिवार को यूक्रेन ने रूस के समारा क्षेत्र में भी हमला किया था। इस हमले में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। समारा के प्रमुख इवान नोस्कोव ने बताया कि रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने बड़े हमले को रोकने की कोशिश की, हालांकि कुछ औद्योगिक क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को चिकित्सा सहायता दी गई।

यूक्रेन पिछले कुछ समय से रूस के सैन्य ठिकानों, रक्षा उद्योगों और ऊर्जा से जुड़े प्रतिष्ठानों पर लंबी दूरी के हमले बढ़ा रहा है। यूक्रेन का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता और आर्थिक संसाधनों पर दबाव बनाना है।

समारा स्थित प्रोग्रेस सेंटर को बनाया निशाना

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस को युद्ध की कीमत महसूस होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने समारा स्थित प्रोग्रेस सेंटर को निशाना बनाया है, जो रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोसकॉसमॉस से जुड़ा संस्थान है और रॉकेट तकनीक व इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्माण में काम करता है।

जेलेंस्की के मुताबिक, इस हमले में यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो मिसाइल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि रूस के सावास्लेइका एयरबेस को भी निशाना बनाया गया, जो यूक्रेनी सीमा से काफी दूरी पर स्थित है।

एक-दूसरे के ठिकानों पर रातभर हमले

हाल के महीनों में यूक्रेन ने लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों के इस्तेमाल में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 10 अगस्त को भी रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे के ठिकानों पर रातभर हमले किए थे, जिनमें दोनों देशों में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर सामने आई थी। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष अब पांचवें साल में प्रवेश कर चुका है और दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे के सैन्य व रणनीतिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें- TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, पार्टी के कामकाज पर उठाए सवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button