Delhi Metro : देश 15 अगस्त को आजादी का जश्न मनाने के लिए तैयार है. राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों के लिए खास इंतजाम किए हैं. आम दिनों में जहां मेट्रो सेवा सुबह करीब 6 बजे शुरू होती है, वहीं 15 अगस्त को सभी कॉरिडोर पर मेट्रो करीब दो घंटे पहले यानी सुबह 4 बजे से चलनी शुरू हो जाएगी. इससे लाल किले पर आयोजित समारोह में पहुंचने वाले लोगों को सुबह-सुबह आने-जाने में आसानी होगी.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, 15 अगस्त को टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4 बजे उपलब्ध होगी. शुरुआती समय में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी सामान्य दिनों की तुलना में कम रहेगी. सुबह 4 बजे से करीब 6 बजे तक ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी. इसके बाद करीब 6 बजे से मेट्रो का संचालन सामान्य समय और नियमित फ्रीक्वेंसी के अनुसार होने लगेगा.
मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट पहली तय ट्रेन के आने से लगभग 10-15 मिनट पहले खुल जाएंगे. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सुबह जल्दी निकलने वाले लोगों के लिए मेट्रो सुविधाजनक विकल्प होगी.
इन स्टेशनों से लाल किले पहुंचना आसान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन स्थल लाल किले के सबसे नजदीक लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन हैं. हालांकि, समारोह में आने वाले लोगों को सुरक्षा व्यवस्था और स्टेशन पर भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक्स्ट्रा टाइम लेकर चलने की सलाह दी जाती है.
खास मेहमानों के लिए QR टिकट की सुविधा
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रक्षा मंत्रालय की ओर से आमंत्रित विशेष मेहमानों और वैध प्रवेश पत्र रखने वाले लोगों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है, उन्हें मेट्रो यात्रा के लिए खुद से QR कोड टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी.
DMRC ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं. इसके अलावा, जिन आमंत्रित लोगों के पास रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी वैध फिजिकल एडमिट कार्ड होगा, उन्हें निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष QR टिकट दिए जाएंगे. इन टिकटों से वे बिना किराया दिए मेट्रो में सफर कर सकेंगे. इस यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से DMRC को दिया जाएगा.
लाल किले के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रोक
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले के आसपास सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा. 15 अगस्त को सुबह 10 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड समेत कई रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
इसके अलावा 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खत्ता से वजीराबाद ब्रिज के बीच वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी.
ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








