
Gandhinagar Secretariat Fire : गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय परिसर में सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा ब्लॉक नंबर 9 के बेसमेंट में हुआ, जहां रिकॉर्ड रूम में आग फैल गई। देखते ही देखते वहां रखा रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीमें
गांधीनगर नगर निकाय के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेश पटेल के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 7:50 बजे आग की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहनों को सचिवालय भेजा गया। मौके पर पहुंची टीमों ने आग को बेसमेंट के हिस्से तक सीमित पाया और तुरंत उसे बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
फायर ब्रिगेड की टीमों ने लगातार प्रयास कर करीब दो घंटे में आग को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद बेसमेंट में कूलिंग का काम शुरू किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके। अधिकारी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम में रखा सामान पूरी तरह जल गया है। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
धुएं के चलते बेसमेंट में काम करना चुनौतीपूर्ण
राजेश पटेल ने बताया कि आग बुझा दी गई है, लेकिन बेसमेंट में वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण काफी धुआं जमा है। दमकलकर्मी धुएं को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और इसकी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें – सावन सोमवार पर बन रहा सोम प्रदोष का संयोग, शिव पूजा से जुड़ी हैं कई मान्यताएं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









