Faridabad Teacher Murder Case : हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिकरोना गांव में सोमवार को एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आया है। वारदात स्कूल परिसर में हुई, जो पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित है। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
युवक कपड़े से चेहरे को ढककर स्कूल पहुंचा
मृतका की पहचान संध्या के तौर पर हुई है, जो सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान एक युवक चेहरे को कपड़े से ढककर स्कूल पहुंचा और संध्या से मिलने की बात कही।
हमले के दौरान शिक्षिका की आवाज
जब शिक्षिका उससे मिलने के लिए स्कूल गेट के पास पहुंचीं, तभी आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला पर लगातार वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। हमले के दौरान शिक्षिका की आवाज सुनकर स्कूल स्टाफ और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी डराने की कोशिश की और चाकू लहराते हुए वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल शिक्षिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आरोपी की पहचान करने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी- पुलिस
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह यौन शोषण मामले में बरी, कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे पहलवान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









