राजनीतिराष्ट्रीय

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश को दी 17,900 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले- आंध्र के विकास का नया रनवे तैयार

PM Modi in Andhra Pradesh : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में करीब 17,900 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में एविएशन, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, पावर ट्रांसमिशन, सड़क निर्माण और युवाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।

पीएम मोदी ने भोगापुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल का निरीक्षण करने के बाद एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर अल्लूरी सीताराम राजू ने आदिवासी हितों के लिए संघर्ष किया, वहीं आज एक आधुनिक एयरपोर्ट की शुरुआत हो रही है। यह एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश और उत्तर आंध्र के विकास को नई गति देगा और युवाओं के भविष्य के लिए नए अवसर तैयार करेगा।

कई एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार तक सीमित

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में कई एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार तक सीमित रहते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदला है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास जी के नाम पर रखा गया। अब भोगापुरम एयरपोर्ट का नाम भी महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।

पुराने बंदरगाहों को बनाया जा रहा आधुनिक

पीएम मोदी ने कहा कि देश ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करना है। इसी योजना के तहत विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक पुराने बंदरगाहों को आधुनिक बनाया जा रहा है और मुलापेटा व रामायापट्टनम में नए पोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।

विकास में युवाओं की प्रतिभा का उपयोग

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश और देश के विकास में युवाओं की प्रतिभा का अधिकतम उपयोग जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकार सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकी इंडस्ट्री पर ध्यान दे रही है। विशाखापट्टनम में प्रस्तावित नए सेमीकंडक्टर प्लांट की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आदिवासी समुदाय की प्रस्तुति की सराहना

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को विकास और संस्कृति के लिहाज से ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां राज्य में बड़े विकास कार्य हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर 13 हजार से ज्यादा आदिवासी महिलाओं और बेटियों ने धिमसा नृत्य की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने आदिवासी समुदाय की इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इसमें भारत की विविधता और जनजातीय विरासत की झलक देखने को मिली।

आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पहचान

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चंद्रबाबू नायडू ने एक तरफ आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण जैसे विकास कार्यों को आगे बढ़ाया और दूसरी ओर आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के विजन की सराहना की। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के मैसूर स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र और ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन भी करेंगे।

ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार पहली अगस्त से खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन और ऋषिकेश के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाएगी- सीएम मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button