NEET Student Suicide : महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. कर्जत तहसील के जलालपुर गांव की रहने वाली छात्रा अंकिता सांगले ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिवार का दावा है कि NEET परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं आने के कारण वह मानसिक तनाव में थी.
परिजनों के अनुसार, NEET की दोबारा आयोजित परीक्षा में अंकिता को 166 अंक मिले थे. उसे उम्मीद से कम अंक मिलने का गहरा सदमा लगा था. इसी वजह से वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी.
घर के कमरे में लगाई फांसी
अंकिता को पढ़ाई के लिए घर में एक अलग कमरा दिया गया था. रविवार को वह अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी. काफी देर तक कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए. अंकिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. कर्जत पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु (एक्सीडेंटल डेथ) का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है. महाराष्ट्र पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि की है.
सुसाइड नोट में NEET का जिक्र
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में NEET परीक्षा का जिक्र किया है. परिवार का कहना है कि परीक्षा में कम अंक आने के कारण उसने यह कदम उठाया.
सांसद नीलेश लंके ने जलालपुर पहुंचकर अंकिता सांगले के परिजनों से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया, उन्होंने छात्रा की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मांग की कि इस मामले और NEET पेपर लीक से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए.
बता दें कि मई 2026 में भी NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की आत्महत्या की खबर सामने आई थी. उसके पिता ने बताया था कि परीक्षा रद्द होने के बाद से वह अवसाद में थी.
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









