Delhi NCR

आज से संसद का मॉनसून सत्र, कई अहम मुद्दों पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने

Parliament Monsoon Session 2026 : आज से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है, जो 13 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को संसद से पारित कराने की कोशिश करेगी. वहीं, विपक्ष विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. ऐसे में पूरे सत्र के दौरान तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है.

मॉनसून सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में सरकार ने सभी राजनीतिक दलों से संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश की जनता चाहती है कि संसद बिना किसी बाधा के चले और सभी दल सकारात्मक चर्चा में भाग लें.

उन्होंने कहा कि विरोध के बजाय रचनात्मक बहस लोकतंत्र के लिए अधिक उपयोगी होती है और सभी दलों को संसद की गरिमा बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना चाहिए.

परिसीमन विधेयक को लेकर बढ़ी राजनीतिक चर्चा

संसद सत्र शुरू होने से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संख्या मजबूत हुई है, जिसके चलते सरकार के इस विषय पर आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

हालांकि, किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार कोई अतिरिक्त या विवादित विधेयक लाने का निर्णय लेती है, तो उसे पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी के समक्ष रखा जाएगा और विपक्ष को इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी.

इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

विपक्ष ने मॉनसून सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों को उठाने का फैसला किया है. इनमें राम मंदिर दान विवाद, NEET पेपर लीक, दोबारा आयोजित परीक्षा, E20 ईंधन नीति, महंगाई और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. विपक्ष इन मामलों में सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है. वहीं, सरकार की ओर से NEET पेपर लीक मामले में उठाए गए कदमों और E20 नीति का बचाव किए जाने की संभावना है.

राम मंदिर दान विवाद पर भी हो सकती है चर्चा

बता दें कि राम मंदिर दान विवाद की जांच उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है. इस मामले में जांच रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपी जा चुकी है और सोमवार को इस पर सुनवाई प्रस्तावित है.

मॉनसून सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर, पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटे, 10 की मौतें, 150 से अधिक गाड़ियां बहीं

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button