विदेश

अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य संघर्ष तेज, हवाई हमलों और मिसाइल अटैक से पश्चिम एशिया में बढ़ा युद्ध का खतरा

US Iran Conflict : अमेरिका- ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव अब दिन पर दिन गंभीर होता नजर आ रहा है. गुरुवार तड़के अमेरिका ने उत्तरी ईरान तक अपने हवाई हमलों का दायरा बढ़ा दिया. वहीं, ईरान की ओर से बहरीन और कुवैत की दिशा में मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं. जॉर्डन ने भी दावा किया है कि उसने अपनी ओर बढ़ रही तीन ईरानी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया.

पश्चिम एशिया में कई दिनों से दोनों देशों के बीच जवाबी हमले जारी हैं. खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ते तनाव ने युद्ध रोकने के लिए हुए अंतरिम समझौते को लगभग खत्म कर दिया है. इससे पूरे क्षेत्र में बड़े सैन्य संघर्ष की आशंका बढ़ गई है.

ईरान के सैन्य ठिकानों पर रातभर हमले

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हालिया अमेरिकी हवाई हमलों में अब तक 35 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इनमें कितने आम नागरिक और कितने सैनिक शामिल हैं.

ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में स्थित 388वीं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री ब्रिगेड की बैरक पर हुए हमले में कम से कम सात सैनिकों की जान गई है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने भी पुष्टि की है कि उसने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर रातभर हमले किए हैं.

जहाज को कई बार दी गई थी चेतावनी

इस बीच, अमेरिका ने नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक व्यापारी जहाज को हेलफायर मिसाइल से निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया. अमेरिका का दावा है कि जहाज को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने आदेशों का पालन नहीं किया.

ईरान ने साफ कहा है कि यदि अमेरिका समझौते की शर्तों का पालन नहीं करता है, तो वह व्यापक सैन्य टकराव के लिए तैयार है. ऐसे में पश्चिम एशिया में हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button