Mumbai Heavy Rainfall : महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज़ बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई क्षेत्रों में पानी भरने के कारण यातायात साधन ठप हो गया है और नदियां-नाले उफान पर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। राज्य के छह जिलों में स्कूल और कॉलेजों को आज बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मुंबई, उपनगर मुंबई, ठाणे, पालघर, नासिक और रायगढ़ जिलों के कई स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला किया है। स्थानीय हालात को देखते हुए संबंधित जिलाधिकारियों ने आदेश जारी किए हैं। कुछ क्षेत्रों में यह अवकाश सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू किया गया है।
ट्रेन सेवा प्रभावित
पिछले कई दिनों से लगातार बारिश के कारण मुंबई महानगर क्षेत्र, कोंकण और उत्तर महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। निचले इलाकों में पानी भरने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। भारी बारिश तेज़ हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे केवल ज़रूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। इसी बीच जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय निकाय पूरी तरह सतर्क हैं। राहत व बचाव दलों को तैनात कर दिया गया है और हालात पर नज़र रखी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति और बारिश की तीव्रता को देखते हुए स्कूल-कॉलेजों से जुड़ी आगे की घोषणाएं परिस्थितियां के अनुसार की जाएगी।
ये भी पढ़ें- नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन व्यक्ति 13 किलोग्राम हेरोइन सहित अमृतसर से गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









