Vo Subah Hum Hi Se Aayegi : फिल्मकार महेश भट्ट एक बार फिर थिएटर की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। फिल्मी दुनिया के बाद अब वे रंगमंच पर अपनी नई प्रस्तुति के साथ दर्शकों के सामने होंगे। उनका नया नाटक ‘वो सुबह हम ही से आएगी’ जल्द ही मंचित किया जाएगा, जिसका प्रीमियर 5 जुलाई को मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित मुक्ति ऑडिटोरियम में होगा।

इमरान और नमिता सचदेवा आएंगे नजर
इस नाटक का निर्देशन तारीकी हामीद ने किया है, जबकि लेखन की जिम्मेदारी टीवी जर्नलिस्ट और चर्चित प्लेराइट दिनेश गौतम ने निभाई है। इसमें मुख्य भूमिकाओं में इमरान ज़ाहिद और नमिता सचदेवा नजर आएंगे। संगीत अनु मलिक ने तैयार किया है, जिनका कहना है कि इस नाटक की कहानी ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है और इसका संगीत इसकी भावनात्मक धड़कन है।

1990 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित
महेश भट्ट के अनुसार थिएटर कलाकार की असली परीक्षा होती है, जहां बिना रीटेक के सीधे दर्शकों के सामने अभिनय करना पड़ता है। यह माध्यम कलाकार को सबसे अधिक ईमानदार बनाता है। नाटक की कहानी 1990 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक ऐसे युवा की यात्रा दिखाई गई है जो सपनों, संघर्षों, प्रेम और जीवन की कठिन परिस्थितियों से गुजरते हुए अंततः यह समझता है कि वास्तविक सफलता संवेदनशील और ईमानदार इंसान बनने में है।

दोबारा सपने देखने का रखते हैं साहस
निर्देशक तारीकी हामीद का मानना है कि थिएटर में भव्यता से ज्यादा महत्वपूर्ण सच्चा अभिनय और भावनाओं की ईमानदारी होती है, जो सीधे दर्शकों तक पहुंचनी चाहिए। लेखक दिनेश गौतम ने इस नाटक को संघर्षशील आम लोगों को समर्पित बताया है, जो असफलताओं के बावजूद दोबारा सपने देखने का साहस रखते हैं।

थिएटर करियर की एक नई शुरुआत
इमरान ज़ाहिद ने कहा कि महेश भट्ट के साथ काम करना उनके लिए हमेशा सीखने की प्रक्रिया रही है, जबकि नमिता सचदेवा ने इसे अपने थिएटर करियर की एक नई शुरुआत बताया है। अनु मलिक के अनुसार जैसे ही उन्होंने कहानी सुनी, उन्हें इसका संगीत बनाने की प्रेरणा मिली।

पहले भी कर चुके हैं काम
यह नाटक महेश भट्ट, इमरान ज़ाहिद और दिनेश गौतम की रचनात्मक साझेदारी का एक और महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है, इससे पहले भी वे कई चर्चित प्रस्तुतियों में साथ काम कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें- पंजाब में खेल क्रांति! एशियन, विश्व और ओलंपिक चैंपियनों की नर्सरी बनकर उभरेगा संगरूर- सीएम मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









