Haryana News : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में नहाने गया 11वीं कक्षा का छात्र डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम तुरंत पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, डूबने वाले छात्र की पहचान 18 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मानपुर बसोली गांव का रहने वाला था। रोहित हाल ही में 10वीं पास करने के बाद अपने मामा के घर गर्मियों की छुट्टियों में कुरुक्षेत्र आया हुआ था।
नए कपड़े खरीदने बाजार आया था
बताया जा रहा है कि रोहित अपने मामा के साथ नए कपड़े खरीदने बाजार आया था। लौटते समय रास्ते में बच्चों को नहर में नहाते देख वह भी नहाने की जिद करने लगा। इसके बाद वह मिर्जापुर पुल के पास नहर में उतर गया। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण डूब गया।
सर्च ऑपरेशन में जुटी टीम
रोहित के मामा ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके और रोहित पानी में बह गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों की मदद से नहर में कई जगह तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक रोहित का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। सर्च अभियान लगातार जारी है।
इस हादसे के बाद परिवार में गहरा दुख है। परिजन और स्थानीय लोग नहर किनारे मौजूद हैं और सभी रोहित के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
ये भी पढ़ें- गुरुद्वारे में अचानक हंगामा! निहंग बाबा पर हमले की कोशिश से मचा बवाल, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









