Qatar Gas Plant Blast : कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं. इस संबंध में दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार (22 जून 2026) को जानकारी साझा की.
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रविवार रात रास लाफान में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. दूतावास के अनुसार, घायल लोगों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है.
13 मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल
दूतावास ने यह भी कहा कि वह कतर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही मृतकों के पार्थिव शरीरों को जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया पर भी काम किया जा रहा है.
इससे पहले कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी ने बताया था कि इस हादसे में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के कुल 13 लोगों की मौत हुई है.
धमाके के बाद लगी आग
वहीं, कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार रास लाफान औद्योगिक शहर में स्थित बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में रविवार शाम काम के दौरान तकनीकी खराबी आने से धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई. इस घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई, जबकि 66 अन्य लोग घायल हो गए.
मंत्रालय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया था.
ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









