Delhi NCRमौसमराज्य

दिल्ली में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

Delhi Weather Update : दिल्ली-NCR में रविवार को गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी देखने को मिल सकती है. इसके बाद अगले 24 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री बढ़ सकता है, फिर इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटे कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, जबकि 23 जून को इसमें 1 से 2 डिग्री की गिरावट और बाद में इतनी ही बढ़ोतरी हो सकती है.

रविवार 21 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि रिज इलाके में यह 41.8 डिग्री और आयानगर में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिल्ली में अधिकतम तापमान में गिरावट

पिछले 24 घंटे में दिल्ली के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, लेकिन न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया. इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. वहीं, पालम में हवा की रफ्तार 38 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई.

दिल्ली में बारिश और आंधी का अनुमान

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार 22 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आज आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और आंधी आने का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

जुलाई में आएगा मानसून

इस बार दिल्ली में मानसून सामान्य समय से कुछ देर से पहुंच सकता है. तब तक राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गर्मी का असर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक दिल्ली पहुंच सकता है, जबकि सामान्य तौर पर यह 27 जून के आसपास राजधानी में दस्तक देता है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस देरी की वजह बारिश वाली हवाओं को उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचाने वाली अनुकूल मौसम परिस्थितियों की कमी है.

ये भी पढ़ें- यमुनानगर में 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button