Uttar Pradeshमौसम

UP में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, ओलावृष्टि की भी चेतावनी

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में गुरुवार शाम से मौसम ने करवट ले ली. देर रात नोएडा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. शुक्रवार सुबह प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आसमान बादलों से ढका रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है. शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है.

तेज हवाओं के साथ बारिश-ओलावृष्टि

आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी तथा ललितपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की आशंका है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी मेघ गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम विभाग ने कई स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है.

तापमान में गिरावट का अनुमान

बारिश और तेज हवाओं के असर से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है. विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है. इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है.

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट और महोबा के लिए तेज आंधी और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है.

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, शामली, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, बदायूं, कासगंज, फर्रुखाबाद और कन्नौज में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button