राष्ट्रीय

LPG कीमत बढ़ने पर विपक्ष का हमला: शरद पवार बोले- सरकार को चुकानी होगी कीमत, खरगे ने भी जताई नाराजगी

LPG Price Hike : केंद्र सरकार ने शनिवार देर रात घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नई बढ़ोतरी के बाद 7 जून से दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये तक पहुंच गई है.

कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार समेत कई नेताओं ने इस फैसले की आलोचना की है.

ईंधन आपूर्ति और ग्रामीण पहुंच पर सवाल

मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि घरेलू एलपीजी के बढ़ते दाम आम लोगों की रसोई पर भारी पड़ रहे हैं, उन्होंने दावा किया कि पिछले चार महीनों में सिलेंडर की कीमतों में कुल 89 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. साथ ही उन्होंने संसद में दिए गए उन बयानों पर भी सवाल उठाए जिनमें ईंधन आपूर्ति के विविधीकरण की बात कही गई थी, उन्होंने ग्रामीण इलाकों में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई.

उज्ज्वला योजना पर सवाल

खरगे ने यह भी कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों ने बीते वर्ष में एक भी बार सिलेंडर रिफिल नहीं कराया, जबकि बड़ी संख्या में परिवारों ने पूरी तरह इसका उपयोग ही नहीं किया.

ऑयल कंपनियों के मुनाफे पर सवाल

वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी कीमत बढ़ोतरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अच्छा मुनाफा कमा रही हैं, तब एलपीजी के दाम बार-बार बढ़ाए जाने का क्या औचित्य है, उन्होंने कहा कि सरकारी तेल कंपनियों ने वित्त वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय मुनाफा दर्ज किया है और तिमाही आधार पर भी उनकी कमाई में बढ़ोतरी देखी गई है.

उधर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि चुनावी समय में जनता को राहत दी जाती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही कीमतें बढ़ा दी जाती हैं, उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए इसे बिना स्पष्ट दिशा और रणनीति वाली व्यवस्था बताया.

ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button