
Mumbai CNG Price : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच आम लोगों पर महंगाई का एक और बोझ बढ़ गया है। मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने सीएनजी के खुदरा दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद नई दरें 29 मई 2026 की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार अब मुंबई में सीएनजी 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर निजी वाहन चालकों, टैक्सी, ऑटो रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों पर पड़ेगा।
17 दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम
इससे पहले 14 मई को भी सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी। यानी सिर्फ 17 दिनों के भीतर दूसरी बार कीमतों में इजाफा हुआ है। एमजीएल मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण और अन्य कई क्षेत्रों में सीएनजी की आपूर्ति करती है।
पेट्रोल-डीजल भी हुए महंगे
इसी अवधि में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हाल ही में पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था। मुंबई में अब पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
वैश्विक तनाव से ऊर्जा बाजार प्रभावित
ईंधन कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और एलएनजी की सप्लाई बाधित हुई है, जो वैश्विक ऊर्जा व्यापार का अहम मार्ग माना जाता है।
इस अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका असर सीधे घरेलू ईंधन दरों पर पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें – यूपी में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, अब तक 28 लोगों की हुई मौत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









